जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने बस्तर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना एवं सांसद निधि से स्वीकृत सड़क, पुल-पुलिया, सीसी एवं आरसीसी सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात क्षेत्रवासियों को दी।

सांसद महेश कश्यप ने बेड़ा उमरगांव, ग्राम मोहलाई रामपाल, चापापदर, बोरेगांव, जैबेल और कोटालापाल पहुंचकर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जैबेल में स्कूली विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई, वहीं किंजोली ग्राम में शेड का उद्घाटन भी सांसद महेश कश्यप ने किया।

ग्रामों में पहुंचने पर क्षेत्रवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद महेश कश्यप का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रमों की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष स्थानीय आवश्यकताओं और विकास से जुड़े विभिन्न विषय रखे। सांसद ने इन समस्याओं एवं मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने का आश्वासन दिया।
‘गांवों तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता’

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत होने से लोगों को आवागमन, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।
इस दौरान बलदेव मंडावी, वनवासी मौर्य, सोनबारी भद्रे, भाजपा जिला महामंत्री परिस राम बेसरा, सरिता पानीग्राही, तरुण पांडे, दयमती कश्यप, जितेंद्र पानीग्राही, राजमान भारती, अर्जुन कश्यप, जयनाथ बघेल, जयमनी बघेल, मोतीराम चंद्राकर और सुकनदई नाग सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






