स्मार्ट मीटर के विरोध और बढ़े बिजली बिलों के खिलाफ कांग्रेस का व्यापक जनसंपर्क व हस्ताक्षर अभियान

बढ़ते बिजली बिल और जबरन थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर से जनता त्रस्त, जनता के शोषण के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष रहेगा जारी — सुशील मौर्य

घाटपदमुर मंडल के ग्राम नेगीगुड़ा में घर-घर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, उपभोक्ताओं से भरवाए आवेदन फॉर्म

भाजपा सरकार 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को पुनः शुरू करे — संतोष सेठिया

जगदलपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व एवं नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया की अगुवाई में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर तथा बेतहाशा बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ व्यापक स्तर पर जनसंपर्क सह हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में घाटपदमुर मंडल के ग्राम नेगीगुड़ा सहित विभिन्न बस्तियों एवं वार्डों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से संपर्क साधा तथा स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने पारंपरिक मीटर वापस लगाने की मांग से संबंधित आवेदन फॉर्म भरवाए।

इस दौरान आम जनता ने अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब से नए स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली के बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं। इससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है और वे गंभीर आर्थिक संकट झेलने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना उनकी पूर्व सहमति या जानकारी के शासन-प्रशासन द्वारा उनके घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर आम जनमानस के अधिकारों का हनन है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने अभियान के दौरान कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय उन पर महंगाई का बोझ डाल रही है। स्मार्ट मीटर के नाम पर जो खेल चल रहा है, उससे केवल बिजली कंपनियों को फायदा पहुंच रहा है और आम जनता का शोषण हो रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता की इस लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी और जब तक जबरन थोपे जा रहे इन स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर बहाल नहीं किए जाते, तब तक यह जन आंदोलन थमेगा नहीं।

इसे भी पढ़िए -   स्मार्ट मीटर, बढ़े बिजली बिल और 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना की पुनः बहाली को लेकर ब्लॉक कांग्रेस नगरनार का व्यापक जनांदोलन

नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही ‘400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना’ को वर्तमान भाजपा सरकार अविलंब पुनः शुरू करे। इस योजना के बंद होने और ऊपर से स्मार्ट मीटर की मार पड़ने के कारण ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र का हर वर्ग त्रस्त हो चुका है। यदि सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक नहीं लगाई, तो कांग्रेस पार्टी इस अभियान को और अधिक उग्र रूप देते हुए बड़े पैमाने पर जन-आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस जनसंपर्क अभियान के दौरान किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष भोजराज नाग, विजय प्रकाश दास, धरमदास नाग, दिलीप साहू, हस्ता राम, तिलक यादव, कमल सेठिया, तिरनाथ बेलसरिया, ललित रावत, माहरु राम कश्यप, मोहन, रामनाथ सेठिया, उमेश सेठिया, अजय, मुकुंद नेताम, भालुराम मण्डवी, घाटपदमुर मंडल एवं नगरनार ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं उपभोक्ता उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *