भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए हुआ महामृत्युंजय मंत्र जप एवं पूर्णाहुति हवन

जगदलपुर, 06 अगस्त। सावन माह की पावन बेला में भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना को लेकर जगदलपुर के जगन्नाथ मंदिर परिसर में चार दिवसीय महामृत्युंजय मंत्र जप एवं हवन का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुआ।

आयोजन के तहत विगत तीन दिनों से विद्वान पंडितों द्वारा निरंतर महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जा रहा था। गुरुवार को चौथे एवं अंतिम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति हवन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर पूरे बस्तर संभाग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बने तथा किरण देव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

पूर्णाहुति की वैदिक विधि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के बड़े भ्राता कुमार जयदेव द्वारा संपन्न कराई गई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, आस्था और धार्मिक वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में सभी समाजों, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों की सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह सहभागिता इस बात का प्रतीक है कि किरण देव ने अपने सार्वजनिक जीवन में सभी वर्गों के लोगों से आत्मीय संबंध स्थापित किए हैं, जिसके कारण उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए समाज के हर वर्ग ने एकजुट होकर प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। वर्तमान में उनका उपचार मेदांता अस्पताल में चल रहा है। हाल ही में उनकी सफल ऑर्थोपेडिक सर्जरी संपन्न हुई है। इसके उपरांत उनके शीघ्र स्वस्थ होने एवं दीर्घायु की कामना के उद्देश्य से गुरुवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक महामृत्युंजय मंत्र जप एवं हवन का आयोजन किया गया।

इसे भी पढ़िए -   7 अगस्त को होगी जिला पंचायत सामान्य सभा और सामान्य प्रशासन समिति की बैठक, विकास कार्यों की होगी समीक्षा

महामृत्युंजय जाप आयोजन समिति द्वारा समापन पूर्णाहुति के पावन अवसर पर समस्त बस्तरवासियों को सादर आमंत्रित किया गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ और सभी ने भगवान शिव से किरण देव के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *