167.96 लाख के विकास कार्यों से जगदलपुर को मिलेगी नई रफ्तार, महापौर संजय पांडे ने किया भूमिपूजन, पार्क, आरसीसी नाली, डोम शेड और कला केंद्र समेत कई कार्य होंगे

जगदलपुर। शहर के विकास को गति देने के उद्देश्य से पंडित सुंदरलाल शर्मा वार्ड क्रमांक 32 में 167.96 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर संजय पांडे ने किया। बोधघाट चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने विकास कार्यों की आधारशिला रखी।

इन कार्यों से वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्ययोजना के अनुसार मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत पार्क निर्माण के लिए 19.63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं 15वें वित्त आयोग से अटल आवास के पीछे आरसीसी नाली निर्माण के लिए 25.36 लाख रुपये तथा पत्ता गोदाम से राव वेल्डिंग दुकान तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 10.32 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा बस्तर विकास प्राधिकरण मद वर्ष 2025-26 से डोम शेड निर्माण भाग-1 और भाग-2 के लिए 25-25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा संचालित निराश्रित निधि से वरिष्ठ नागरिकों के लिए सिविल लाइन वार्ड में ‘सियान कुटीर’ निर्माण हेतु 12.65 लाख रुपये तथा रमाया वार्ड में आर्ट गैलरी मद से जगदलपुर में कला केंद्र की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इन सभी विकास कार्यों की कुल लागत 167.96 लाख रुपये है।

‘विकास सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं, हर वार्ड में दिखना चाहिए’ — संजय पांडे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को बेहतर वातावरण, मनोरंजन, सामाजिक गतिविधियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना भी नगर विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इसे भी पढ़िए -   NEET परीक्षा के दबाव में छात्रा की मौत: पीड़ित परिवार से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, मानसिक स्वास्थ्य पर जताई चिंता

महापौर ने कहा कि यदि वार्डवासी समिति बनाकर पार्क और ओपन जिम के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य करते हैं, तो पार्क को और अधिक सुविधायुक्त एवं भव्य बनाने के लिए अतिरिक्त राशि खर्च की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से उसका समाधान किया जाएगा। इसी उद्देश्य से आरसीसी नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के कार्य कराए जा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि जगदलपुर को व्यवस्थित, स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और यह सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा कि योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सियान कुटीर’ जैसी पहल सामाजिक सरोकार से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में जगदलपुर में बेहतर सड़क और नाली व्यवस्था के साथ स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन, कला-संस्कृति और नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

वार्ड में लगभग दो करोड़ के विकास कार्य — योगेंद्र पांडे

वार्ड पार्षद एवं महापौर परिषद सदस्य योगेंद्र पांडे ने कहा कि वार्ड में विकास कार्यों के लिए वार्डवासी महापौर संजय पांडे का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि महापौर के कार्यकाल में वार्ड में लगभग दो करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं और लगातार नए कार्यों की स्वीकृति भी मिल रही है।

उन्होंने विकास कार्यों के लिए सांसद महेश कश्यप एवं विधायक किरण सिंह देव का भी आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, नर्सिंग राव, अविनाश श्रीवास्तव, दिगम्बर राव, संतोष बाजपेयी, पारुल बोथरा, खगेन्द्र ठाकुर, राजेश श्रीवास्तव, नीलम यादव, कौशिक शुक्ला, राजा यादव एवं रोशन झा सहित वार्डवासी डीके परासर, गौतम आचार्य, केके द्विवेदी, अजय पाल, रामनरेश पांडेय, मनीष मूलचंदानी, कल्पना शर्मा एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *