मानसून के चलते 30 सितंबर तक बंद रहेगा तिरिया पर्यटन स्थल, पर्यटकों से सहयोग की अपील

जगदलपुर। मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्राम सभा तिरिया (सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति) ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। ग्राम सभा के निर्णयानुसार तिरिया पर्यटन स्थल को 20 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक अस्थायी रूप से पूर्णतः बंद रखा जाएगा।

ग्राम सभा ने बताया कि बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे पर्यटन स्थल पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचाव और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। समिति का कहना है कि जन-धन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए मानसून अवधि के दौरान पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।

इस संबंध में ग्राम सभा तिरिया द्वारा जारी सूचना में सभी पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे 20 जुलाई से 30 सितंबर के बीच तिरिया पर्यटन स्थल का भ्रमण करने न पहुँचें।

साथ ही ग्राम सभा के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रशासन एवं स्थानीय समिति का सहयोग करें।ग्राम सभा ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने और सुरक्षा की दृष्टि से परिस्थितियाँ पूरी तरह अनुकूल होने के बाद ही पर्यटन स्थल को दोबारा आम लोगों के लिए खोला जाएगा।

इसके संबंध में अलग से आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी।ग्राम सभा ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों, झरनों और पर्यटन स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें, ताकि सभी सुरक्षित रहें।

इसे भी पढ़िए -   तीसरे प्रयास में भी सफलता नहीं मिलने के बाद 20 वर्षीय नीट अभ्यर्थी की मौत, शहर में शोक की लहर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *