जश्ने-ए-ईद मिलादुन्नबी पर शहर कांग्रेस ने किया भव्य जुलूस का स्वागत

समाज प्रमुखों व अकीदतमंदों का पुष्पमाला से अभिनंदन, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

जगदलपुर। जश्ने-ए-ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा निकाले गए भव्य जुलूस का शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल समाज प्रमुखों, धर्मगुरुओं तथा अकीदतमंदों का पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया और सभी को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बस्तर की पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की रही है। विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग यहां मिल-जुलकर सभी पर्व-त्योहार मनाते हैं, जो क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए दया, करुणा, प्रेम और शांति का संदेश देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में स्थायी सुख-शांति और भाईचारे की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का यह पावन अवसर आपसी एकता, सद्भाव और मोहब्बत के रिश्तों को और अधिक मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने अपने संबोधन में कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला अवसर है। पैगंबर मोहम्मद साहब ने समाज को न्याय, समानता और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा दी। उनके आदर्श आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि जगदलपुर की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना और मजबूत करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

इसे भी पढ़िए -   चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

इस अवसर पर पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, पूर्व सभापति कविता साहू, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, गौरनाथ नाग, महामंत्री अमरनाथ सिंह, जाहिद हुसैन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, कमलेश पाठक, राजेश साहू, आकिब रजा, समीर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं मुस्लिम समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *