नियमित विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों का किया गया प्रोत्साहन, प्रतिभावान छात्रा को मिली शिक्षा सामग्री

दरभा में प्रेरक पहल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने अनाथ छात्रा की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई का उठाया जिम्मा

दरभा (बस्तर)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदबहार के व्याख्याता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार मरावी द्वारा संकुल ककनार, विकासखंड दरभा के अंतर्गत विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने हेतु विशेष प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच पहाड़ा, गिनती, कविता एवं गीत सुनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पेंसिल, कॉपी, स्केल सहित अन्य अध्ययन सामग्री पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। वहीं, जो विद्यार्थी अनियमित रूप से विद्यालय आ रहे थे, उन्हें भी अध्ययन सामग्री देकर नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखने लायक था।

व्याख्याता प्रमोद कुमार मरावी ने घोषणा की कि जो विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आएंगे तथा 15 तक पहाड़ा, 100 तक गिनती, कविता और गीत सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, उन्हें आगामी दिनों में भी आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब श्री मरावी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कक्षा 9वीं की अनाथ एवं प्रतिभावान छात्रा कु. छोटी को विद्यालयी जूते एवं संपूर्ण अध्ययन सामग्री किट भेंट की। साथ ही उन्होंने छात्रा की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई का पूरा खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की, ताकि आर्थिक अभाव उसकी शिक्षा में बाधा न बन सके।इसके अलावा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी कॉपियों का वितरण किया गया।

इसे भी पढ़िए -   शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय भर्ती विवाद: NSUI ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता मनोहर सिंह बरनाला ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।यह पहल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *