13 से 20 अक्टूबर तक विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस रद्द, राउरकेला-जगदलपुर ट्रेन भी नहीं चलेगी; कई ट्रेनों का संचालन केआरपीयू स्टेशन तक सीमित
जगदलपुर। ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगड़ा रेल मंडल अंतर्गत एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच अचानक हुए भूस्खलन से रेल यातायात व्यापक रूप से प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई यात्री ट्रेनों को रद्द करने और कुछ ट्रेनों का संचालन निर्धारित गंतव्य से पहले समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस बदलाव का सीधा असर जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

ये एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, निम्नलिखित ट्रेनों का संचालन निर्धारित अवधि में रद्द रहेगा।
विशाखापट्टनम–किरंदुल एक्सप्रेस (18515): 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द।
किरंदुल–विशाखापट्टनम एक्सप्रेस (18516): 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द।
राउरकेला–जगदलपुर एक्सप्रेस (18107): 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द।
जगदलपुर–राउरकेला एक्सप्रेस (18108): 14 से 21 अक्टूबर 2026 तक रद्द।
कई ट्रेनों का संचालन केआरपीयू स्टेशन तक सीमित
भूस्खलन के कारण कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक नहीं चलाया जाएगा। इसके तहत जगदलपुर स्टेशन तक आने-जाने वाली कई सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
हावड़ा–जगदलपुर एक्सप्रेस (18005): 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेगी।
जगदलपुर–हावड़ा एक्सप्रेस (18006): 15 से 22 अक्टूबर तक जगदलपुर के बजाय केआरपीयू स्टेशन से रवाना होगी।
भुवनेश्वर–जगदलपुर एक्सप्रेस (18447): 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक ही चलेगी।
जगदलपुर–भुवनेश्वर एक्सप्रेस (18448): 14 से 21 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन से रवाना होगी।
पैसेंजर ट्रेनों पर भी असर
स्थानीय यात्रियों के लिए संचालित विशाखापट्टनम–किरंदुल पैसेंजर ट्रेनें (58501 और 58502) भी 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक ही संचालित होंगी। ऐसे में प्रभावित रेलखंड के यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ट्रेनों में किए गए बदलावों की जानकारी स्टेशन के नोटिस बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, एसएमएस और मीडिया के माध्यम से यात्रियों तक पहुंचाई जाए।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने और स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
BMN की अपील: जगदलपुर, बस्तर और आसपास के क्षेत्रों से यात्रा करने वाले यात्री अपनी ट्रेन का नंबर और संचालन की तारीख जांचने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।





