भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की छवि धूमिल करने का आरोप, कांग्रेस शहर अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने का आरोप, भाजपा ने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की

कोण्डागांव। भारतीय जनता पार्टी जिला कोण्डागांव ने कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन के खिलाफ कथित रूप से भ्रामक एवं तथ्यविहीन सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित कर भाजपा एवं वरिष्ठ नेता अजय चंद्राकर की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी कोण्डागांव के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम द्वारा 19 अगस्त 2026 को सौंपे गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि 15 अगस्त 2026 को कांग्रेस शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन के फेसबुक पेज से एक पोस्ट प्रसारित की गई थी, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया।

शिकायत के अनुसार, पोस्ट में अजय चंद्राकर की 22 मार्च 2026 को कुरूद में भाजपा के प्रशिक्षण अभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी ध्वज फहराते हुए तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। भाजपा का आरोप है कि उक्त तस्वीर को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जबकि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी जिले में आयोजित शासकीय कार्यक्रम में अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस प्रकार की भ्रामक जानकारी प्रसारित कर जनता को भ्रमित करने, तिरंगे के अपमान का भ्रम पैदा करने तथा भारतीय जनता पार्टी एवं अजय चंद्राकर की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास किया गया।

भाजपा जिला कोण्डागांव ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कांग्रेस शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट की छायाप्रति भी संलग्न की गई है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, जिला कोण्डागांव को भी सौंपी गई है।

इसे भी पढ़िए -   बस्तर में अपने दम पर तैयार हो रही ‘वेटलिफ्टिंग की नई पौध’, महापौर संजय पांडे ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

शिकायत के दौरान भाजपा जिला महामंत्री विजय पोया, नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी, कुलवंत सिंह चहल, प्रतोष त्रिपाठी, ललित देवांगन, नागेश देवांगन, शीतल पटेल, बंटी नाग, अविनाश सोरी, टिंकू साहू, गोविंद रामटेके, संतोष सिंह, नानू सेन, धन्सुदास, राजा मुखर्जी एवं समस्त भाजपा कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *