सांसद महेश कश्यप ने श्रद्धालुओं के स्वागत में जेसीबी से की पुष्पवर्षा, महापौर संजय पांडे ने कांवड़ियों के चरण धोकर किया स्वागत
जगदलपुर। सावन के तृतीय सोमवार के पावन अवसर पर श्री श्री लिंगेश्वर महादेव मंदिर सेवा समिति, रामपाल के नेतृत्व में महादेव घाट, जगदलपुर से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ियों ने महादेव घाट से पवित्र जल लेकर लगभग 15 से 16 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए रामपाल स्थित प्राचीन लिंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक कांवड़ यात्रा में सहभागिता की।
रामपाल मंदिर का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व
इस अवसर पर धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज के संरक्षक कुमार जयदेव भी महादेव घाट में आयोजित पूजन में शामिल हुए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ की आराधना कर कांवड़ियों के साथ यात्रा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कुमार जयदेव ने कहा कि रामपाल स्थित प्राचीन लिंगेश्वर महादेव मंदिर बस्तर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम अपने वनवास काल में बस्तर क्षेत्र से होकर गुजरे थे और इसी दौरान यहां शिवलिंग की स्थापना की गई थी। मंदिर की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व आज भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।
सांसद महेश कश्यप ने की पुष्पवर्षा
रामपाल कांवड़ यात्रा में बस्तर सांसद महेश कश्यप भी शिवभक्तों के साथ महादेव घाट से रामपाल मंदिर तक पदयात्रा में शामिल हुए। सांसद ने अपने निवास के सामने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। श्रद्धालुओं के अभिनंदन के लिए जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई, जिससे कांवड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महापौर ने धोए कांवड़ियों के चरण
जगदलपुर महापौर संजय पांडे भी गोरिया बहार नाला के समीप पहुंचे और रामपाल मंदिर की ओर जा रहे कांवड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ियों के चरण धोकर विधिवत पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई यात्रा
रामपाल मंदिर के मुख्य पुजारी कैलाश ठाकुर ने कहा कि सावन के तृतीय सोमवार पर महादेव घाट से रामपाल तक निकली कांवड़ यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। उन्होंने कांवड़ियों, श्रद्धालुओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं मंदिर सेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा के मार्ग में विभिन्न समाजों, संगठनों एवं समितियों द्वारा कांवड़ियों के लिए पुष्पवर्षा, शीतल पेय, स्वल्पाहार एवं अन्य सेवा-सुविधाओं की व्यवस्था की गई। जगह-जगह शिवभक्तों का आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर श्री श्री लिंगेश्वर मंदिर सेवा समिति रामपाल के मुख्य पुजारी कैलाश ठाकुर, अध्यक्ष महादेव बघेल, जिला पंचायत सदस्य बिंदु साहू, जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, कोषाध्यक्ष मोहन सेठिया सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






