बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का लिया अपडेट, किसानों की कर्ज राहत व प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता पर हुई चर्चा
जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकले बस्तर सांसद महेश कश्यप को फोन कर जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर में बाढ़ की स्थिति, राहत कार्यों और प्रभावित क्षेत्रों में चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

सांसद महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाढ़ आपदा को देखते हुए जन्मदिन पर किसी तरह का आयोजन नहीं किया जा रहा है। वे लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं, राहत सामग्री वितरण की स्थिति देख रहे हैं और राहत शिविरों का जायजा ले रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संकट के समय प्रभावित लोगों के बीच रहकर उनकी मदद करना ही सबसे जरूरी है।
बातचीत के दौरान सांसद महेश कश्यप ने बाढ़ से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता एवं ऋण राहत उपलब्ध कराने के साथ ही पूर्ण और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सहायता दिए जाने की आवश्यकता मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इससे प्रभावित परिवारों को पुनर्वास और मकानों के पुनर्निर्माण में मदद मिल सकेगी।
प्रभावित क्षेत्रों का किया जमीनी निरीक्षण
सांसद महेश कश्यप ने बस्तर जिले के बाढ़ से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्रों भेजापदर, आड़ावाल, पथरलीपार, धोबीगुड़ा, बेलगांव, नगरनार, करीटगांव, नारायणपाल, चकवा, रामपाल और बेलपुटी का दौरा कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया।दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बाढ़ से हुए आर्थिक नुकसान का जायजा लिया।
सांसद ने प्रभावित क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए तैनात मेडिकल टीमों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
“प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के लिए लगातार दौरे पर हूं”
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच उपस्थित रहकर उनकी समस्याएं सुनना, राहत कार्यों की निगरानी करना और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वे लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर के प्रत्येक प्रभावित परिवार को संबल और सहायता देने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।






