समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश, कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में जनकल्याणकारी योजनाओं, सर्वे कार्यों और स्वतंत्रता दिवस तैयारियों की विस्तृत समीक्षा

जगदलपुर, 04 अगस्त 2026। कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली जनकल्याणकारी योजनाओं, विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों, सर्वे कार्यों तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जनपदवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों तथा शिक्षा एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले के सहयोग से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की भूमि आवश्यकता, जन औषधि केंद्रों के संचालन, जनगणना संबंधी तैयारियों तथा खाद-बीज के उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ‘बस्तर मुन्ने’ सर्वे के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर विभिन्न सूचकांकों में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के माध्यम से चिन्हित कमियों को दूर कर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास संबंधी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र हितग्राहियों का सर्वे कर उनका चिन्हांकन करने तथा योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़िए -   मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरी बार जीता स्वर्ण

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन सभी योजनाओं से संबंधित लंबित सर्वे कार्यों को आगामी सप्ताह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके।

इसके अलावा आयुष्मान भारत कार्ड, जनधन खातों की प्रगति, श्रमिक पंजीयन तथा जन्म, जाति, निवास और विवाह प्रमाण पत्रों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं।

राजस्व एवं नगर निगम के संयुक्त प्रयास से नक्शा बंटांकन के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को अलर्ट मोड में रहने, राहत एवं बचाव की समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

बैठक में गौधाम योजना के तहत जिले में विकसित किए जा रहे चार गौधामों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय संस्थानों में अगस्त माह से लागू की जा रही प्रीपेड विद्युत बिल प्रणाली की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा यात्रा एवं सद्भावना दौड़ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़िए -   बिजली के दाम कम करने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग पर कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन, बस्तर पंडुम पर करोड़ों खर्च का भी उठाया सवाल

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *