इंसानियत की मिसाल: वायर में फंसे घायल बाज को युवक ने बचाया, इलाज के बाद वन विभाग को सौंपा

जगदलपुर। शहर में इंसानियत और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता की एक खूबसूरत मिसाल सामने आई है। पथरागुड़ा निवासी प्रशांत दास के कुम्हारपारा स्थित घर की छत पर एक बाज पक्षी वायर में फंस गया था। वायर में फंसने के कारण बाज को हल्की चोटें आई थीं।

घायल बाज को देखकर प्रशांत दास ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और अपने घर पर रखकर उसकी देखभाल की। करीब दो दिनों तक पक्षी की स्थिति पर नजर रखते हुए उन्होंने उसके उपचार और सुरक्षित संरक्षण के लिए शहर के प्रतिष्ठित व्यक्ति एवं समाजसेवी श्री मनीष मूलचंदानी से संपर्क किया।

मामले की जानकारी मिलने पर मनीष मूलचंदानी ने तत्काल पहल करते हुए बस्तर एसपी श्री शलभ सिन्हा से चर्चा की। इसके बाद वन विभाग से संपर्क कर घायल बाज के उपचार एवं उसे सुरक्षित वन विभाग तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

पक्षी का समुचित उपचार करवाने के बाद आज उसे पूरी तरह सुरक्षित अवस्था में वन विभाग को सौंप दिया गया। वन विभाग द्वारा अब पक्षी की आवश्यक देखभाल की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम में प्रशांत दास की संवेदनशीलता और मनीष मूलचंदानी की तत्पर पहल ने एक बेजुबान पक्षी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय रहते मदद मिलने से घायल बाज को सुरक्षित उपचार मिल सका और अब वह वन विभाग की निगरानी में है।

वन्यजीवों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी

यह घटना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देती है कि यदि कोई पक्षी या वन्यजीव घायल अवस्था में दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय उसकी मदद के लिए आगे आना चाहिए और संबंधित वन विभाग को सूचना देनी चाहिए। प्रशांत दास और मनीष मूलचंदानी की यह पहल वन्यजीव संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता का उदाहरण है।

इसे भी पढ़िए -   पुनर्वास से आत्मनिर्भरता की ओर: बीजापुर के पुनर्वासित युवाओं ने जाना बस्तर का इतिहास, संस्कृति और विकास

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *