नेतानार और कामानार के सेवा डेरा का किया भ्रमण, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों का लिया जायजा
जगदलपुर। जिला पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना ने बुधवार शाम ग्राम पंचायत नेतानार एवं कामानार के सेवा डेरा का भ्रमण कर ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण और स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और रोजगार एवं आयवृद्धि के नए अवसर विकसित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप में संचालित सेवा डेरा में सीईओ श्री खन्ना ने सिलाई मशीन प्रशिक्षण, ढेकी से चावल निर्माण तथा इमली चपाती निर्माण जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला समूहों के प्रयासों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरणादायक बताते हुए इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर जोर दिया।
सीईओ ने सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं के लिए उत्पादन इकाई स्थापित करने की पहल करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षित महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और नियमित आय के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने समूह आधारित उत्पादन, गुणवत्ता सुधार और उत्पादों के प्रभावी विपणन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता भी बताई।
इसके पश्चात श्री खन्ना ने ग्राम पंचायत कामानार स्थित कैंप परिसर के सेवा डेरा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से सेवा डेरा की स्थापना और संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा इसकी कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सेवा डेरा के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे ग्रामीणों को सुविधाजनक और त्वरित सेवाएं मिलेंगी।
निरीक्षण के दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने इमली प्रसंस्करण इकाई एवं महुआ लड्डू प्रसंस्करण इकाई स्थापित किए जाने संबंधी ज्ञापन भी सौंपा। महिलाओं ने बताया कि इन इकाइयों की स्थापना से स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा महिलाओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस पर सीईओ श्री तन्मय खन्ना ने प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।भ्रमण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बीरेंद्र बहादुर, पंचायत प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






