‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, महापौर संजय पांडे ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की

जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा 11 अगस्त 2026 को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ 11 अगस्त को सुबह 10 बजे माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से होगा। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, युवा, विद्यार्थी, व्यापारी, महिलाएं और शहर के नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे।

नगर पालिक निगम जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। तिरंगा देश की संप्रभुता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, इसलिए इस अभियान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

महापौर ने कहा कि जगदलपुर की जनता हमेशा राष्ट्रहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही है। ऐसे में इस तिरंगा यात्रा को भी जनभागीदारी के माध्यम से भव्य और यादगार बनाया जाए।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हों और ‘एकता और सम्मान के लिए तिरंगा लेकर चलें’। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर तिरंगा फहराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्र के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और एकता की भावना को और मजबूत करना भी है।

महापौर संजय पांडे ने शहरवासियों से अपील की कि 11 अगस्त को सुबह 10 बजे माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण पहुंचकर तिरंगा यात्रा में सहभागी बनें और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।

इसे भी पढ़िए -   होटल एंबीशन के रिसेप्शन से एक लाख रुपये की चोरी, आरोपी पुणे से गिरफ्तार

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *