रायपुर: प्रेस क्लब के “हमर पहुना” कार्यक्रम में पहुंचे देवकीनंदन ठाकुर, बोले- सनातन बोर्ड का हो गठन, धर्माचार्यों को मिले 50 सीटें

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम “हमर पहुना” में प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विषयों पर खुलकर चर्चा की। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े ने उनका पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कथा आयोजक योगेश अग्रवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

संवाद के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने युवाओं में नैतिक शिक्षा और भारतीय संस्कृति के प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं को गीता, महाभारत और भारतीय परंपराओं का अध्ययन कराया जाना चाहिए, जिससे उनमें चरित्र, सत्यनिष्ठा और संस्कारों का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती हिंसा, अपराध और पारिवारिक विघटन जैसी घटनाओं को रोकने के लिए संस्कार आधारित शिक्षा और चरित्र निर्माण आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि देश में मंदिरों, गुरुकुलों और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए “सनातन बोर्ड” का गठन किया जाना चाहिए। साथ ही मंदिरों की आय का उपयोग धर्म, शिक्षा और समाजहित के कार्यों में अधिक प्रभावी तरीके से किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने गौ संरक्षण, संस्कारयुक्त शिक्षा और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा देने की भी वकालत की।

शिक्षा व्यवस्था पर अपने विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और चरित्र निर्माण से जुड़े विषयों को भी महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को भारतीय इतिहास और संस्कृति के प्रेरणादायी चरित्रों से परिचित कराने की आवश्यकता बताई।

इसे भी पढ़िए -   पुनर्वास से आत्मनिर्भरता की ओर: बीजापुर के पुनर्वासित युवाओं ने जाना बस्तर का इतिहास, संस्कृति और विकास

राजनीतिक व्यवस्था पर अपनी राय व्यक्त करते हुए देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में धर्म और नैतिक मूल्यों का पालन करने वाले लोगों की भागीदारी बढ़नी चाहिए।

उन्होंने सुझाव दिया कि धर्माचार्यों के लिए 50 सीटें आरक्षित किए जाने पर विचार होना चाहिए।**उन्होंने नशामुक्त जीवन, सत्य और सदाचार को सनातन धर्म का मूल आधार बताते हुए समाज से सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। धर्मांतरण के विषय पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को समझने के लिए गीता का अध्ययन करना चाहिए।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि “हमर पहुना” कार्यक्रम का उद्देश्य समाज, संस्कृति, साहित्य, शिक्षा और सार्वजनिक जीवन से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों को पत्रकारों के बीच संवाद के लिए आमंत्रित करना है, ताकि समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हो सके।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, ठाकुर राम साहू, परमानंद वर्मा, संदीप पुराणिक, राजेश मिश्रा, मनीष वोरा, सुशील अग्रवाल, विजय मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, शकुंतला तरार, जावेद खान, के.पी. शुक्ला, कमलाकांत, व्यास पाठक, विनय घाटगे और विद्याभूषण सहित अनेक पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।*

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *