नकली सोने का हार असली बताकर ग्रामीण से 10 हजार की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

नगरनार पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से 4950 रुपये नकद, तीन नकली सोने की माला और मोबाइल जब्त

जगदलपुर। थाना नगरनार क्षेत्र में नकली सोने के हार को असली बताकर ग्रामीण से 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को नगरनार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4950 रुपये नगद, तीन नग नकली सोने की माला (कुल वजन 342.190 ग्राम) तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 07.08.2026 को प्रार्थी लिंगेश्वर सेठिया पिता जयसिंह सेठिया निवासी मंगनपुर, थाना नगरनार, जिला बस्तर ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि दिनांक 06.08.2026 की सुबह करीब 08 बजे वह काम से जगदलपुर जाने के लिए घर से निकल रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे।

इनमें से एक व्यक्ति ने अपना नाम मोहन लाल, निवासी भिलाई-दुर्ग बताया और कहा कि उसे पैसों की आवश्यकता है तथा उसके पास करीब पांच लाख रुपये कीमत का सोने का हार है। आरोपी ने हार दिखाते हुए प्रार्थी से पैसे देने की बात कही। प्रार्थी ने इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था तत्काल नहीं होने की बात कहते हुए एक दिन का समय मांगा।

इसके बाद आरोपी मोहन लाल ने हार प्रार्थी के पास रखते हुए कम से कम 10 हजार रुपये देने की बात कही और बताया कि उसे अपने रिश्तेदार को रायपुर भेजना है तथा बाकी रकम अगले दिन देने की बात कही। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी ने उसे 10 हजार रुपये दे दिए और हार अपने पास रख लिया।

इसे भी पढ़िए -   26 जुलाई को विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भाजपा से जुड़ेंगे बस्तर जिले के नए युवा, आड़ावाल में होगा भव्य भाजपा प्रवेश कार्यक्रम

बाद में प्रार्थी हार लेकर सोनार की दुकान पर पहुंचा और उसकी जांच कराई, जहां हार मिक्स पीतल का नकली आभूषण निकला। इसके बाद प्रार्थी को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। रिपोर्ट पर थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 117/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा

फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक श्री विकेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

01. मोहन लाल सोलंकी, पिता देवी दयाल सोलंकी, उम्र 52 वर्ष, निवासी नेहरू चौक चरौदा, थाना भिलाई-03, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़।

02. मोहन राय, पिता वीरचंद राय, उम्र 52 वर्ष, निवासी हथनी पारा वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़।पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपराध कारित करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम 4950 रुपये, दो नग नकली सोने की माला तथा प्रार्थी से ठगी में प्रयुक्त पीतल मिक्स एक नग नकली सोने की माला जब्त की गई। साथ ही एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विकेश तिवारी, पीएसआई दीपक सिंह ठाकुर, सउनि दिनेश ठाकुर, आरक्षक विक्रम उरांव, सुरेन्द्र तिर्की, अशोक सिंह, डीएसएफ आरक्षक भास्कर भारद्वाज एवं कार्तिक नाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *