केंद्रीय जेल जगदलपुर से मार्च में भागा था आरोपी, नारायणपुर से दबोचा गया
जगदलपुर, 22 जुलाई। बस्तर पुलिस ने केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार दंडित बंदी को तीन महीने बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मार्च 2026 में जेल की दीवार फांदकर फरार हुए आरोपी को नारायणपुर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत दोबारा जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, केंद्रीय जेल जगदलपुर में सजा काट रहा महेंद्र दीवान मार्च 2026 में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए जेल से फरार हो गया था। घटना के बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।लगातार तलाश और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि फरार बंदी नारायणपुर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूरे अभियान का नेतृत्व नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर ने किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान में निरीक्षक भोला सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेन्द्र पैकरा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।गिरफ्तार आरोपी महेंद्र दीवान (25 वर्ष), पिता फूलदास दीवान, निवासी चितालका कलारपारा, थाना चितालंका, जिला दंतेवाड़ा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध कांकेर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों में चोरी सहित कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बस्तर पुलिस ने इसे महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि कानून से बचने की हर कोशिश विफल होगी और फरार एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।






