जगदलपुर, 17 जुलाई 2026। बस्तर के वनांचल और कभी नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों के ग्रामीण परिवेश से आने वाले होनहार विद्यार्थियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में भी सफलता का परचम लहरा सकते हैं।

बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग संस्थान ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता हासिल कर पूरे बस्तर अंचल को गौरवान्वित किया है।

इस वर्ष संस्थान में कुल 90 विद्यार्थियों ने नियमित रूप से कोचिंग प्राप्त की थी, जिनमें से 47 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि न केवल ज्ञानगुड़ी बल्कि पूरे बस्तर के लिए गर्व का विषय बन गई है।
नर्सिंग और अग्निवीर परीक्षा में भी बस्तर का दम
नीट परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता के साथ-साथ ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने अन्य प्रतियोगी और रक्षा सेवाओं की परीक्षाओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
राज्य स्तरीय नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में संस्थान की छात्रा प्रेरणा ने पूरे छत्तीसगढ़ में 60वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। वहीं देश सेवा का जज्बा रखने वाले 22 युवाओं ने अग्निवीर परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है, जो ज्ञानगुड़ी की बहुआयामी शिक्षण गुणवत्ता को दर्शाता है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों के लिए प्रेरणा बनी ज्ञानगुड़ी
यह पहली बार नहीं है जब ज्ञानगुड़ी ने बस्तर का नाम रोशन किया हो। इससे पहले भी इस पहल के माध्यम से सैकड़ों ग्रामीण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से सफलता हासिल की है।
आदिवासी अंचल के इन विद्यार्थियों की उपलब्धियां आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं और बस्तर की बदलती तस्वीर को देश के सामने प्रस्तुत कर रही हैं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है।
सांसद श्री महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव, विनायक श्री गोयल और महापौर श्री संजय पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही बस्तर संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना, शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक श्री एच.आर. सोम तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलिराम बघेल ने विद्यार्थियों की सफलता और शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ज्ञानगुड़ी का यह शानदार परिणाम आज पूरे देश के सामने बस्तर की बदलती और संवरती तस्वीर को प्रस्तुत कर रहा है।
BMN | Bastar Mati News”बस्तर की माटी, बस्तर की बात”






