महारानी अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन, मरीजों को फल वितरित कर लिया जनसेवा का संकल्प
जगदलपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिन के अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देशानुसार बस्तर जिला दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सूर्यापानी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर उनका जन्मदिन हर्षोल्लास और सेवा भावना के साथ मनाया।

इस अवसर पर महारानी अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आए। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने तथा मानव सेवा का संदेश देते हुए रक्तदान किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज सेवा और मानवता की सेवा ही जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व होना चाहिए।

रक्तदान शिविर के साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल वितरण भी किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान सेवा, संवेदना और मानवीय सरोकारों का संदेश भी दिया गया।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने में खड़गे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना कांग्रेस की उस परंपरा का हिस्सा है, जिसमें जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सेवा, समर्पण, सामाजिक न्याय और जनहित के मूल सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ती रही है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सूर्यापानी ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इसी उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का प्रयास किया गया। साथ ही मल्लिकार्जुन खड़गे के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, रविशंकर तिवारी, गौरनाथ नाग, प्रकाश अग्रवाल, एम. वेंकट राव, सुजीत नाग (सेक्टर प्रभारी), ब्लॉक उपाध्यक्ष गौरव तिवारी, सूरज बिसाई, हरजीत सिंह, कुंदन सिंह, कमलेश पाठक, ज्योति राव, मनिता राऊत, मोहसिन खान, सलीम अली, राहुल पानी, विकास दास, डेनियल तारा, खीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






