बस्तर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये किए बरामद, पूछताछ में कई शहरों के होटलों में चोरी की घटनाओं का खुलासा
जगदलपुर। होटल एंबीशन के रिसेप्शन से एक लाख रुपये की नगदी चोरी करने वाले आरोपी को बस्तर पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 10 हजार रुपये बरामद कर जब्त किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा तिरुपति, आंध्र प्रदेश, गोवा, कोच्चि, तमिलनाडु और पुणे सहित अन्य स्थानों के होटलों में इसी तरह चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है।

मामले में होटल एंबीशन के कर्मचारी अरुण कुमार कंसारी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 19 जुलाई 2026 को रिसेप्शन की दराज में रखे एक लाख रुपये चोरी हो गए थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने होटल के साथ-साथ शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान अभिषेक बक्शी, पिता मिरनाल बक्शी, उम्र 24 वर्ष, निवासी रांची, झारखंड के रूप में की।
साइबर सेल की मदद से पुणे में मिली लोकेशन
पुलिस जांच के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी के पुणे में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम पुणे पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने होटल एंबीशन से चोरी की घटना को स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम में से 10 हजार रुपये बरामद कर जब्त किए। इसके बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया गया। 11 अगस्त को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कई शहरों के होटलों में चोरी की घटनाओं का खुलासापुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने तिरुपति, आंध्र प्रदेश, गोवा, कोच्चि, तमिलनाडु और पुणे सहित अन्य स्थानों के होटलों में इसी तरह लाखों रुपये की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस द्वारा आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और घटनाओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देशन में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, अरुण मरकाम, अमित सिदार, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने तथा आरक्षक भीम मंडावी, राजू बघेल, त्रिनाथ कश्यप, बलराम, सोनू गौतम और हिमांशु की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






