बच्चों की हताशा और आत्महत्याओं के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार, NEET-2 के परिणामों के बाद कई छात्र हुए निराश : दीपक बैज

जगदलपुर।आज संभाग मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज ने कहा कि कोटा से राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत के बाद आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी ने देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” महारैली को संबोधित किया। इस विशाल जनसभा के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं के बीच पेपर लीक माफिया के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक का संकट अब राष्ट्रीय महामारी का रूप ले चुका है। अब तक 150 से अधिक पेपर लीक की घटनाओं ने लगभग 7.5 करोड़ छात्रों और उनके परिवारों को सीधे प्रभावित किया है, लेकिन अब तक एक भी दोषी को सजा नहीं मिली है। लाखों अभ्यर्थी भारी दबाव के बीच औसतन पांच वर्षों तक प्रतिदिन 10 घंटे पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इस दौरान न केवल छात्र, बल्कि उनके परिवार भी भारी आर्थिक बोझ और त्याग का सामना करते हैं। वहीं दूसरी ओर हर वर्ष लगभग 9 करोड़ अभ्यर्थियों को मात्र 6 लाख सरकारी नौकरियों के लिए संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में एक भ्रष्ट तंत्र परीक्षाओं को पैसे के बल पर बेचने का काम कर रहा है।
दीपक बैज ने बताया कि देहरादून महारैली में राहुल गांधी के साथ मंच पर वे छात्र भी मौजूद थे, जिनकी परीक्षाएं पेपर लीक या रद्द होने के कारण प्रभावित हुईं और जिनकी वर्षों की मेहनत एक झटके में बर्बाद हो गई। रैली के सबसे भावुक क्षण में आत्महत्या करने वाली छात्रा रिया थापा के पिता ने अपना दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि यह संकट केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि उन परिवारों का है जिनकी दुनिया हमेशा के लिए बिखर गई है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने युवाओं के सामने 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था का विजन रखा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि हों, परीक्षा प्रणाली आधुनिक एवं पारदर्शी हो, संस्थानों की स्वतंत्रता और जवाबदेही सुनिश्चित हो तथा शिक्षा निजीकरण और वैचारिक हस्तक्षेप से मुक्त रहे।
दीपक बैज ने कहा कि NSUI, युवा कांग्रेस और कांग्रेस की प्रदेश इकाइयों के माध्यम से यह अभियान सड़क से लेकर संसद तक पूरे देश में लगातार चलाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि दो दिन पूर्व ही जगदलपुर में एक मासूम छात्रा ने परीक्षा परिणाम से व्यथित होकर आत्महत्या कर ली। अड़ावल निवासी सुरला हारिका राव ने NEET-2 के परिणाम आने के बाद यह कदम उठाया। उनका कहना था कि रद्द हुई पहली NEET परीक्षा में छात्रा के अंक अधिक थे, जबकि दोबारा हुई परीक्षा में अंक कम आने से वह गहरे सदमे में चली गई।
इस दुखद घटना और ऐसी अन्य घटनाओं के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है।दीपक बैज ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्र निराश हुए। जिन छात्रों का पहली परीक्षा में प्रदर्शन बेहतर था, वे सबसे अधिक मानसिक तनाव में आए और कई छात्र आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुए। उन्होंने कहा कि NEET देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और भावनाओं से जुड़ा विषय है।
छात्र वर्षों की कठिन मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और NEET परीक्षा से जुड़े अधिकारियों से इसकी जिम्मेदारी लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भी NEET पेपर लीक के बाद लाखों छात्रों की मेहनत बर्बाद हुई थी। उस समय जनता का गुस्सा शांत करने के लिए NTA के डीजी को पद से हटाया गया, लेकिन बाद में उन्हें दूसरी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दे दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के असली दोषियों को भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त है और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को दंडित करने के बजाय बड़े पदों से नवाजा जा रहा है।
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार में परीक्षा की शुचिता लगातार भंग हो रही है। भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्पष्ट है कि शिक्षा माफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने सवाल उठाया कि बार-बार परीक्षा रद्द होने से छात्रों पर पड़ने वाले मानसिक और आर्थिक बोझ की जिम्मेदारी कौन लेगा?
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही धांधली से NTA की कार्यक्षमता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की चुप्पी सरकार की भूमिका पर संदेह पैदा करती है।
पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से पीसीसी प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, रविशंकर तिवारी, जिला महामंत्री जाहिद हुसैन, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, रोजविन दास, संजय पाणिग्रही, महेश ठाकुर, आदर्श दलाई, सलीम जाफर अली, शादाब अहमद, खीरेंद्र यादव सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।






