बाढ़ प्रभावित छात्रों के बीच पहुंचा भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ, 60 से अधिक बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री

जगदलपुर। बस्तर में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ ने मानवीय पहल करते हुए डोंगाघाट क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों के बीच शिक्षण सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम में 60 से अधिक बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी-नोटबुक, रजिस्टर, पेन, पेंसिल, कंपास सहित अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी एवं भाजपा बस्तर जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। दोनों अतिथियों ने अपने हाथों से विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की।

गौरतलब है कि विगत दिनों बस्तर में हुई भारी बारिश के कारण जगदलपुर शहर एवं जिले की अनेक निचली बस्तियां जलमग्न हो गई थीं। नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई थी। इस प्राकृतिक आपदा में अनेक परिवारों के घरों के साथ-साथ बच्चों की किताबें, कॉपियां, नोटबुक एवं अन्य शिक्षण सामग्री भी बाढ़ के पानी में नष्ट हो गई थी।

बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा डोंगाघाट क्षेत्र में शिक्षण सामग्री वितरण का निर्णय लिया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच बिस्किट का भी वितरण किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

सरकार के राहत कार्यों की सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रूप सिंह मंडावी एवं वेद प्रकाश पांडेय ने बाढ़ के दौरान राज्य शासन, जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन तथा स्थानीय सामाजिक संगठनों द्वारा किए गए त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की।

इसे भी पढ़िए -   ₹8.23 करोड़ से बदलेगी जगदलपुर की तस्वीर, सड़क-नाली से रोशनी तक 17 बड़े काम मंजूर

उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ने बस्तर में आई इस प्राकृतिक आपदा के दौरान हर स्तर पर सक्रियता दिखाते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक राहत उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत राशि भी शीघ्र जारी की जा रही है, जिससे प्रभावित परिवार अपने क्षतिग्रस्त घरों एवं आशियानों का पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार कर सकेंगे।

आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनीष पारख ने कहा कि बस्तर में आई इस प्राकृतिक आपदा के बीच भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ जनसेवा के कार्यों में सक्रियता से अपनी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रकोष्ठ लगातार ऐसे बाढ़ प्रभावित बच्चों को चिन्हित कर रहा है, जिनकी पाठ्य-पुस्तकें एवं पठन सामग्री बाढ़ में नष्ट या क्षतिग्रस्त हुई है। सर्वे के माध्यम से ऐसे बच्चों तक आवश्यक पाठ्य सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आपदा के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

जिला संयोजक अविनाश जैन ने कहा कि जिला आर्थिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने समाज के विभिन्न संगठनों के साथ जुड़कर आपदा के समय अपना अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित गांवों को चिन्हित कर आगे भी सहयोग किया जाता रहेगा। विशेष तौर पर छात्रों की शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना आर्थिक प्रकोष्ठ की प्रथम प्राथमिकता है।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन परमेश राजा ने किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरसिंह राव, जिला उपाध्यक्ष (महिला) ललित बघेल, जिला उपाध्यक्ष (महिला) राम कुमारी यादव, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष माहेश्वरी ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजू बोथराजी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिरीष मिश्रा, जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ अविनाश जैन, जिला सह-संयोजक परमेश राजा सहित आर्थिक प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़िए -   शासकीय आईटीआई बस्तर में विभिन्न ट्रेडों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 24 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *