भाजपा कार्यालय में स्वागत एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम के बाद निकली रैली, माँ दंतेश्वरी मंदिर में किया दर्शन-पूजन
बाइक रैली निकाल माँ दंतेश्वरी के दरबार पहुँचे सैकड़ों भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त सदस्य

जगदलपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला बस्तर के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों एवं जिले के सभी 13 मंडलों के पदाधिकारियों का स्वागत, परिचय एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम भाजपा कार्यालय, जगदलपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन की कार्यपद्धति, पदाधिकारियों के दायित्व तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके पश्चात सभी पदाधिकारी माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने दर्शन-पूजन कर संगठन की मजबूती, राष्ट्र की उन्नति एवं जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम में जगदलपुर नगर निगम के महापौर श्री संजय पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश पांडे, जगदलपुर पूर्वी मंडल अध्यक्ष एवं भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अविनाश श्रीवास्तव तथा पश्चिम मंडल अध्यक्ष श्री प्रकाश झा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष श्री अभिलाष यादव ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, युवाओं को जोड़ने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन विस्तार के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
मार्गदर्शन कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यालय से माँ दंतेश्वरी मंदिर तक पदाधिकारियों की बाइक रैली निकाली गई। रैली चांदनी चौक, शहीद पार्क चौक, झंकार टॉकीज रोड, कोतवाली चौक, मेन रोड, गोलबाजार चौक एवं मिताली चौक से होते हुए मंदिर पहुँची।
मंदिर में सभी पदाधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माँ दंतेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर भाजयुमो के जिला पदाधिकारी एवं जिले के सभी 13 मंडलों के नवनियुक्त पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






