जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में रविवार देर शाम नया बस स्टैंड इलाके में दो गुटों के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

शराब दुकान के पास हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, घटना नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान मोनू (27) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इसी दौरान मोनू के पेट में चाकू लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सीएसपी सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस विवाद की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
BMN – BASTAR MATI NEWS
सबको सबकी ख़बर, गलतफ़हमी की कोई जगह नहीं।






