पनारापारा में पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद हुई थी चाकूबाजी, सीने, पेट और पीठ पर किए गए थे कई वार; दो नाबालिग भी पुलिस की कार्रवाई में निरुद्ध
जगदलपुर। शहर के पनारापारा में मन्नू कश्यप हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 45 वर्षीय मन्नू कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पड़ोसियों के बीच लंबे समय से चला आ रहा आपसी विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे मन्नू कश्यप और पड़ोस में रहने वाले बघेल परिवार के बीच विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। देखते ही देखते कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि परिवार के एक नाबालिग बालक ने अपने दादा झितरू बघेल, मां सरिता बघेल, दादी शोभा बघेल और नाबालिग बहन के साथ मिलकर मन्नू कश्यप पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान उनके सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण मन्नू कश्यप की मौत हो गई।
एक ही परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार, दो नाबालिग भी निरुद्ध
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर सरिता बघेल (40), झितरू बघेल (75) और शोभा बघेल (65) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, घटना में शामिल दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
मन्नू कश्यप हत्याकांड की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक आशिंका जैन के पर्यवेक्षण में की गई। नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी की कार्रवाई पूरी की।






