100 मीटर दौड़ में जगदलपुर के आदित्य सिन्हा और कुरूद की गौरी नेताम ने मारी बाजी, वॉलीबॉल-कबड्डी और खो-खो के मुकाबले भी शुरू
जगदलपुर। कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान परिषद के खेल प्रांगण में रविवार को दक्षिण क्षेत्रीय अंतरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में दक्षिण क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों की कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय शर्मा रहे। समारोह की अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के अधिष्ठाता डॉ. आरएस नेताम ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि महाविद्यालय पखांजूर के अधिष्ठाता डॉ. पीएल जॉनसन और क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र के सहसंचालक डॉ. एके ठाकुर उपस्थित रहे।
मार्च पास्ट और गुब्बारे छोड़कर हुआ शुभारंभ
सीनियर अंडर ऑफिसर प्रदीप बघेल के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट निकाला गया, जिसमें सभी 6 टीमों के खिलाड़ियों और टीम मैनेजरों ने हिस्सा लिया। अतिथियों ने आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।
100 मीटर दौड़ में आदित्य और गौरी रहे अव्वल
उद्घाटन के बाद ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
बालक 100 मीटर दौड़: जगदलपुर के आदित्य सिन्हा प्रथम, कांकेर के भावेश द्वितीय और रतन कश्यप तृतीय स्थान पर रहे।
बालिका 100 मीटर दौड़: कुरूद की गौरी नेताम प्रथम, नारायणपुर की कौशल्या द्वितीय और कुरूद की नेहा मंडावी तृतीय स्थान पर रहीं।
बालक 800 मीटर दौड़: नारायणपुर के शुभम प्रथम, जगदलपुर के अरुण कुमार द्वितीय और कांकेर के संतोष सलाम तृतीय स्थान पर रहे।
वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के मुकाबले भी शुरू
एथलेटिक्स स्पर्धाओं के साथ सामूहिक खेलों के अंतर्गत वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के क्वार्टर फाइनल मुकाबले भी शुरू हो गए हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखते ही बन रही है।
इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न कृषि महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आपसी मेलजोल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने का अवसर मिल रहा है।






