616 साल पुरानी विरासत की अनूठी झलक: जगदलपुर में धूमधाम से निकली भगवान शालीग्राम की बारात, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी संग हुआ विवाह

श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर से गोलबाजार और दंतेश्वरी मंदिर चौक तक निकली बारात, 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के सभी 14 क्षेत्रों ने मिलकर निभाई सदियों पुरानी परंपरा

जगदलपुर। बस्तर की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत आज भी अपनी प्राचीन परंपराओं के जरिए जीवंत है। इसी विरासत की एक अनूठी झलक रविवार को जगदलपुर में देखने को मिली, जहां 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज ने भगवान शालीग्राम और माता तुलसी का विवाह पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। इस अवसर पर भगवान शालीग्राम की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें समाज के लोग पारंपरिक बाराती बनकर शामिल हुए।

सुबह से ही श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में विवाह की तैयारियां शुरू हो गई थीं। ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की विभिन्न रस्में निभाई गईं। इस वर्ष वर पक्ष की जिम्मेदारी ग्राम गुरिया निवासी जितेंद्र कुमार पाण्डे एवं उनके परिवार ने संभाली, जबकि वधु पक्ष की ओर से ग्राम सुधापाल निवासी अश्वनी पाणिग्राही एवं उनके परिवार ने परंपराओं के अनुरूप विवाह की रस्मों का निर्वहन किया।

शाम को शुभ मुहूर्त में भगवान शालीग्राम की बारात श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर से निकाली गई। पारंपरिक उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ निकली बारात रथ परिक्रमा स्थल, गोलबाजार चौक और दंतेश्वरी मंदिर चौक से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। रास्तेभर समाज के सदस्यों में उत्साह देखने को मिला। मंदिर पहुंचने पर वधु पक्ष और समाजजनों ने बारात का स्वागत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शालीग्राम और माता तुलसी का विवाह संपन्न कराया गया। आयोजन में समाज के सभी 14 क्षेत्रों के सदस्यों ने अपनी सहभागिता निभाई।

इसे भी पढ़िए -   स्मार्ट मीटर, बढ़े बिजली बिल और 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना की पुनः बहाली को लेकर ब्लॉक कांग्रेस नगरनार का व्यापक जनांदोलन

1408 से जुड़ा है बस्तर और आरण्यक ब्राह्मण समाज का ऐतिहासिक रिश्ता

इस आयोजन का महत्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे बस्तर के इतिहास से जुड़ी करीब 616 वर्षों की विरासत भी है। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार वर्ष 1408 में बस्तर के तत्कालीन राजा पुरुषोत्तम देव पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की यात्रा पर गए थे। मान्यता और ऐतिहासिक विवरणों के मुताबिक उनकी वापसी के दौरान 360 आरण्यक ब्राह्मण परिवार बस्तर आए थे। इन परिवारों को अलग-अलग क्षेत्रों में बसाया गया था। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज की पहचान जुड़ी हुई है।

हालांकि, जगदलपुर में भगवान शालीग्राम और माता तुलसी के विवाह आयोजन की शुरुआत किस वर्ष हुई, इसका कोई निश्चित ऐतिहासिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। समाज द्वारा यह आयोजन प्रतिवर्ष अपनी परंपरा और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किया जाता है।

14 क्षेत्रों की सहभागिता ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भगवान शालीग्राम और माता तुलसी के विवाह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। सुबह से विवाह की रस्में शुरू हुईं और शाम को शुभ मुहूर्त में भगवान शालीग्राम की बारात निकालकर विवाह संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि आयोजन में समाज के सभी 14 क्षेत्रों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का भी प्रतीक है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *