जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय को लेकर NSUI ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। NSUI बस्तर जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विश्वविद्यालय के कुलपति मनोज श्रीवास्तव के कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन ने छात्र नेताओं पर दर्ज एफआईआर को फर्जी बताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करार दिया है।

NSUI जिलाध्यक्ष विशाल खंबारी ने कहा कि जब छात्र बेहतर शिक्षा, समय पर कोर्स पूरा कराने और उसके बाद ही सेमेस्टर परीक्षा आयोजित करने जैसी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हैं, तब प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 मई को NSUI विश्वविद्यालय अध्यक्ष पंकज केवट, ब्लॉक अध्यक्ष कर्तव्य आचार्य, मॉडल कॉलेज अध्यक्ष हर्षु, छात्र नेता वैभव चौधरी सहित अन्य छात्र नेताओं ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर बेहतर शिक्षा व्यवस्था, कोर्स पूरा होने के बाद परीक्षा आयोजित कराने और अन्य शैक्षणिक मांगें रखी थीं।
संगठन का आरोप है कि इसके बाद छात्र नेताओं पर राजनीतिक द्वेषवश एफआईआर दर्ज कराई गई।NSUI ने कुलपति मनोज श्रीवास्तव से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि छात्र हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
संगठन का कहना है कि छात्र नेताओं पर दर्ज एफआईआर वापस ली जाए और छात्रों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
इन्हीं मांगों को लेकर NSUI ने आगामी 28 जुलाई को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय का संभाग स्तरीय घेराव करने की घोषणा की है। संगठन का दावा है कि इस आंदोलन में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे।
NSUI ने चेतावनी दी है कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होतीं और दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली जाती, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।






