धान खरीदी से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा निर्णय, 27.50 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों को मिलेगा लाभ
बस्तर के किसानों के लिए भी राहत की खबर, कम उत्पादन और आपदा प्रभावित किसानों के हित में नियमों में बदलाव का किया स्वागत
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने जा रहे धान खरीदी महाअभियान से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णय का भाजपा जिला कोषाध्यक्ष बस्तर प्रकाश रावल ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता समाप्त करने और कम धान बेचने पर भी 21 क्विंटल के मान से ₹13,839 की पूरी बोनस राशि देने का निर्णय किसानों के लिए बड़ी राहत है।

प्रकाश रावल ने कहा कि खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए लिया गया यह निर्णय प्रदेश के अन्नदाताओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस फैसले से प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ सरकार लगातार किसानों के हित में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों की परिस्थितियों को समझते हुए यह निर्णय लिया है, जिससे कम उत्पादन होने की स्थिति में भी किसानों को बोनस राशि का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।
आपदा प्रभावित और कम उत्पादन वाले किसानों को मिलेगी राहत
प्रकाश रावल ने कहा कि पिछले महीने आए चक्रवाती तूफान और बेमौसम बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में धान की फसल प्रभावित हुई थी। वहीं बस्तर और सरगुजा संभाग सहित कई क्षेत्रों में किसानों का प्रति एकड़ उत्पादन 21 क्विंटल तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे में सरकार के इस फैसले से कम उत्पादन करने वाले और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था में किसानों को ऐसे मिलेगा लाभ
प्रकाश रावल के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत यदि एक एकड़ में धान बोने वाला पंजीकृत किसान समिति में केवल एक क्विंटल धान भी बेचता है, तो उसे एक क्विंटल का समर्थन मूल्य ₹2,441 और 21 क्विंटल के मान से ₹13,839 की पूरी बोनस राशि मिलेगी। इस प्रकार उसे कुल ₹16,280 प्राप्त होंगे।
इसी तरह ढाई एकड़ जमीन वाले किसान को रकबे के सत्यापन के आधार पर ₹34,597.50 की बोनस राशि मिलने का प्रावधान बताया गया है। इसके अतिरिक्त सरकारी समितियों और लैम्प्स के साथ-साथ बीज निगम में धान बीज बेचने वाले पंजीकृत किसानों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
किसानों से एग्री-स्टैक पंजीयन और रकबा सत्यापन की अपील
अंत में प्रकाश रावल ने जिले के समस्त किसान भाइयों से अपील की कि वे धान खरीदी का लाभ लेने के लिए समय पर अपना एग्री-स्टैक पंजीयन और रकबा सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि 15 नवंबर से प्रारंभ होने वाली धान खरीदी प्रक्रिया में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।






