मलबा डालने वालों की सूचना देने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करेगा नगर निगम, सड़क चौड़ीकरण सहित विकास कार्यों के प्रस्तावों पर भी हुई चर्चा

दलपत सागर रोड पर मलबा डालने वालों पर 10 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर एमआईसी की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

जगदलपुर। नगर पालिका निगम जगदलपुर में गुरुवार को महापौर संजय पांडेय एवं निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की उपस्थिति में महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मलबा डालने वालों पर 10 हजार रुपये जुर्माना, सूचना देने वाले नागरिक होंगे पुरस्कृत

बैठक में दलपत सागर रोड पर मलबा डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत ऐसे लोगों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर मलबा डालने वालों की सूचना नगर निगम को देने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करने का भी निर्णय लिया गया।

इस पहल का उद्देश्य शहर में स्वच्छता बनाए रखना, सार्वजनिक स्थानों पर मलबा डालने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना और नागरिकों की सहभागिता से शहर को स्वच्छ बनाना है।

नगरोत्थान योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर चर्चा

बैठक में नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न मार्गों के सड़क चौड़ीकरण संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें लाल चर्च से नगर निगम कार्यालय एवं बस स्टैंड रोड तक, नयामुंडा रोड से साकेत कॉलोनी तक, डीजे कोर्ट से चांदनी चौक होते हुए सिटी ग्राउंड तक तथा छत्रपति शिवाजी वार्ड में पुराने पंचायत कार्यालय से डॉक्टर पाढ़ी हाउस तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव शामिल हैं।

इसे भी पढ़िए -   जश्ने-ए-ईद मिलादुन्नबी पर शहर कांग्रेस ने किया भव्य जुलूस का स्वागत

इसके अतिरिक्त माता गुड्डी से एमपीएम हॉस्पिटल तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इन कार्यों के लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया को लेकर विचार-विमर्श किया गया, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण पर चर्चा

एमआईसी की बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं संबंधित स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य के प्रस्ताव को शासन के समक्ष भेजने के संबंध में भी विचार किया गया।

इसके साथ ही शहर के सभी वार्डों में नाली, सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने पर चर्चा की गई। इन कार्यों का उद्देश्य वार्डों में आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और शहर के समग्र विकास को गति देना है।

सफाई व्यवस्था के लिए पांच मिनी टिप्पर वाहनों की खरीदी पर विचार

नगर निगम की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत पांच मिनी टिप्पर वाहनों की खरीदी के प्रस्ताव पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। इन वाहनों की खरीदी से शहर में सफाई कार्यों और कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पेंशन एवं परिवार सहायता योजनाओं के आवेदनों पर भी चर्चा

एमआईसी की बैठक में शहर की स्वच्छता, सड़क एवं बुनियादी ढांचे के विकास, सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *