पटवारियों पर दमनात्मक कार्रवाई के बजाय सरकार करे वार्ता, लंबित मांगों और तकनीकी समस्याओं का निकाले समाधान : अजय श्रीवास्तव

13 अक्टूबर से जारी आंदोलन के चलते राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित, कर्मचारियों में बढ़ रहा असंतोष

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने प्रदेश में आंदोलनरत राजस्व पटवारियों की लंबित मांगों और पी.वी. एप से जुड़ी व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार से वार्ता की पहल करने की अपील की है।

संघ के प्रदेश सचिव अजय श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान दमनात्मक कार्रवाई के बजाय आपसी संवाद और वार्ता के माध्यम से किया जाना चाहिए। 13 अक्टूबर से लगातार जारी पटवारियों के आंदोलन के कारण प्रदेश में राजस्व संबंधी महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में धान खरीदी, बंटवारा, नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित आम नागरिकों से जुड़े कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अजय श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार की जा रही दमनात्मक कार्रवाई से कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों की जायज मांगों और उनकी व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से सुनना तथा उनका निराकरण करना आवश्यक है।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि आंदोलनरत पटवारियों के प्रतिनिधियों से तत्काल चर्चा की जाए, पी.वी. एप से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक कठिनाइयों को समझा जाए और लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि वार्ता और संवाद ही इस गतिरोध को समाप्त करने का बेहतर रास्ता है, ताकि राजस्व विभाग के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें और आम जनता को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

इसे भी पढ़िए -   गजराज दुर्गा समिति के पंडाल में पहुंचे मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और भाजपा जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने किए मां दुर्गा के दर्शन

— अजय श्रीवास्तव

प्रदेश सचिव

छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *