जगदलपुर। खिलाड़ियों की मांग और मैदानों में होने वाली असुविधा को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने शहर के लालबाग मैदान एवं इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में शौचालय सह चेंजिंग रूम निर्माण कार्य के लिए विधायक निधि से राशि स्वीकृत की है। दोनों स्थानों पर 9.50-9.50 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, लालबाग मैदान के निरीक्षण के दौरान मैदान में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों एवं बस्तर फाइटर्स की महिला जवानों ने मैदान में शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण होने वाली परेशानियों से विधायक किरण देव को अवगत कराया था। खिलाड़ियों एवं महिला जवानों की मांग पर विधायक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए लालबाग मैदान में शौचालय सह चेंजिंग रूम निर्माण के लिए 9.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की।
इसी तरह इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने भी शौचालय निर्माण की मांग विधायक के समक्ष रखी। खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम में जिला, राज्य स्तरीय सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और आयोजनों का आयोजन वर्षभर होता रहता है। ऐसे आयोजनों के दौरान विशेषकर महिला खिलाड़ियों को शौचालय एवं चेंजिंग रूम की सुविधा नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है।
खिलाड़ियों की मांग को ध्यान में रखते हुए विधायक किरण देव ने इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में भी विधायक निधि से 9.50 लाख रुपये की लागत से शौचालय सह चेंजिंग रूम निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की है।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि खिलाड़ियों की विशेष मांग पर लालबाग मैदान एवं इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में शौचालय सह चेंजिंग रूम निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई है। दोनों मैदानों में वर्षभर खेल गतिविधियां संचालित होती हैं और शहर के खिलाड़ी नियमित रूप से यहां अभ्यास करते हैं।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों ने शौचालय की आवश्यकता बताई थी, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विधायक निधि से दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई है। निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में खिलाड़ियों को सुविधा मिल सकेगी।
विधायक ने कहा कि जनता और खिलाड़ियों की मांग के अनुरूप क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा।






