खरगे की टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो का प्रदर्शन, गोलबाजार चौक पर किया पुतला दहन

वेदप्रकाश पांडे बोले— दिवंगत पिता के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी बेहद निंदनीय, अभिलाष यादव ने कांग्रेस के खिलाफ की नारेबाजी

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संबंध में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने जगदलपुर के गोलबाजार चौक पर पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टिप्पणी की कड़ी निंदा की और राजनीतिक जीवन में मर्यादा बनाए रखने की मांग की।

कांग्रेस में संस्कार और अनुशासन की कमी : वेदप्रकाश पांडे

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राजनीतिक विरोध करना कांग्रेस का अधिकार हो सकता है, लेकिन उनके दिवंगत पिता के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से गरिमापूर्ण भाषा और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है।

वेदप्रकाश पांडे ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की बयानबाजी कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और उसके नेतृत्व में संस्कार एवं अनुशासन की कमी को उजागर करती है।

व्यक्तिगत अपमान की राजनीति का भाजयुमो ने किया विरोध : अभिलाष यादव

भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन देश की सेवा और राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित किया है। उनके खिलाफ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के दिवंगत परिजन के संबंध में अपमानजनक टिप्पणी करना भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के विरुद्ध है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध विचारों का होना चाहिए, व्यक्तिगत अपमान का नहीं। भारतीय जनता युवा मोर्चा ऐसी अमर्यादित राजनीति का पुरजोर विरोध करता है।

इसे भी पढ़िए -   भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की छवि धूमिल करने का आरोप, कांग्रेस शहर अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत

भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी रहे उपस्थित

गोलबाजार चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला एवं पूर्वी-पश्चिमी मंडल के पदाधिकारी, भाजयुमो जिला एवं पूर्वी-पश्चिमी मंडल के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *