जगदलपुर। बस्तर ओलंपिक 2026 को लेकर बस्तर जिला एथलेटिक्स संघ ने खिलाड़ियों को जोड़ने की मुहिम तेज कर दी है। संघ के अध्यक्ष संग्राम सिंह राणा ने जिले के सभी खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने और पूरे उत्साह के साथ बस्तर ओलंपिक में भाग लेने का आह्वान किया है।

संग्राम सिंह राणा ने बताया कि पिछले वर्ष बस्तर जिले में 95,243 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इस वर्ष लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना यानी 1,90,486 पंजीयन कराने का रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह महज एक आंकड़ा नहीं, बल्कि बस्तर के हर गांव और हर खिलाड़ी को खेल के बड़े मंच से जोड़ने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि बस्तर की मिट्टी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि इन प्रतिभाओं को पंजीयन से लेकर खेल के मैदान तक पहुंचाया जाए। बस्तर ओलंपिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आगे बढ़ने और नई पहचान बनाने का अवसर प्रदान कर रहा है।
हर खिलाड़ी खुद जुड़े, एक और खिलाड़ी को जोड़े
संघ अध्यक्ष ने जिले के खिलाड़ियों से अपील की कि हर खिलाड़ी स्वयं बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन कराए और कम से कम एक अन्य खिलाड़ी को भी इस अभियान से जोड़े।
उन्होंने कहा कि जब बस्तर का हर खिलाड़ी मैदान में उतरेगा, तभी दोगुने पंजीयन का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा और बस्तर के खेल इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज होगा।
‘हर खिलाड़ी की भागीदारी सुनिश्चित करना लक्ष्य’
संग्राम सिंह राणा ने कहा,
“इस बार हमारा लक्ष्य सिर्फ दोगुना पंजीयन करना नहीं, बल्कि बस्तर के हर खिलाड़ी की भागीदारी सुनिश्चित करना है। आइए, मिलकर ऐसा रिकॉर्ड बनाएं कि बस्तर ओलंपिक 2026 बस्तर की खेल शक्ति और नए बस्तर की नई पहचान बने।
”बस्तर एथलेटिक्स संघ ने जिले के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।






