राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे को लेकर हाई अलर्ट, रायपुर से जगदलपुर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम; स्निफर डॉग और जैमर से होगी निगरानी

रायपुर/जगदलपुर। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर को प्रदेश के प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी, जहां मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। रायपुर में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे, जबकि रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा सहयोग करेंगे। वहीं, जगदलपुर में बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सुरक्षा प्रबंधन के लिए डीआईजी, एसपी, एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। रायपुर से लेकर जगदलपुर तक राष्ट्रपति के निर्धारित कार्यक्रमों और आवागमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक रहेगी निगरानी

राष्ट्रपति के आगमन, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। रायपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल और एसपी श्वेता श्रीवास्तव की ड्यूटी लगाई गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसपी जयंत वैष्णव सहित अन्य अधिकारी तैनात रहेंगे।

इसे भी पढ़िए -   बीजापुर में गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहबस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली

स्निफर डॉग, जैमर और बम निरोधक दस्ते की तैनाती

राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था में तकनीकी संसाधनों और विशेष सुरक्षा टीमों की भी अहम भूमिका रहेगी। बम निरोधक दस्ता (BDS), स्निफर डॉग और जैमर वाहनों को सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।

दंतेश्वरी मंदिर और लालबाग मैदान में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। पुलिस और प्रशासन का जोर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था तथा कार्यक्रमों के व्यवस्थित संचालन पर है।

बस्तर दशहरा में राष्ट्रपति की मौजूदगी पर टिकी निगाहें

23 अक्टूबर को जगदलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगी। मुरिया दरबार और विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के आयोजन के बीच राष्ट्रपति का आगमन राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को विशेष महत्व प्रदान करेगा।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाया जा रहा है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *