राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को जगदलपुर के मुरिया दरबार में होंगी शामिल

बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की उपस्थिति से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान पाएगी जनजातीय संस्कृति

जगदलपुर। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर 2026 को जगदलपुर स्थित सिरहासार भवन में आयोजित बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी। राष्ट्रपति की उपस्थिति बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक विरासत के लिए विशेष अवसर होगी।

बस्तर दशहरा का महत्वपूर्ण हिस्सा मुरिया दरबार जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक संवाद व्यवस्था का प्रतीक है। इस आयोजन में पारंपरिक रूप से समाज के प्रतिनिधि अपनी बात रखते हैं। राष्ट्रपति के मुरिया दरबार में शामिल होने से बस्तर की विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल सहित प्रदेश के अन्य मंत्रीगण उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद, जगदलपुर विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जगदलपुर महापौर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, बस्तर दशहरा समिति के सदस्य, मांझी-चालाकी तथा अन्य पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

बस्तर की ऐतिहासिक परंपराओं और जनजातीय समाज की सहभागिता को समर्पित मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की प्रस्तावित उपस्थिति को बस्तर की सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़िए -   2 लाख युवाओं व नव-मतदाताओं को भाजपा और भाजयुमो से जोड़ने का लक्ष्य : राहुल टिकरिहा

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *