जगदलपुर। जगदलपुर स्थित मावली माता मंदिर में मंगलवार को गौ सेवकों के तत्वावधान में भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं रजनीश पानीग्राही एवं प्रकाश झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, शौर्य परंपरा, धर्मरक्षा तथा गौ सेवा के प्रति जनजागरण को प्रोत्साहित करना रहा।

शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग : महेश कश्यप
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति, शौर्य, आत्मरक्षा और धर्मरक्षा की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। शस्त्र केवल शक्ति का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि अन्याय के प्रतिकार, निर्बलों की रक्षा और धर्म की मर्यादा बनाए रखने के संकल्प को भी दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें शक्ति के साथ संयम, साहस के साथ विवेक और सामर्थ्य के साथ सेवा का भाव सिखाती है। शस्त्र पूजन हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जो समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ता है।
गौ सेवा करुणा और संवेदना का प्रतीक
सांसद महेश कश्यप ने गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौ माता की सेवा और रक्षा भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में विशेष स्थान रखती है। गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि करुणा, संवेदना और जीवमात्र के प्रति दायित्व का प्रतीक भी है।
उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण की दिशा में ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताते हुए गौ सेवकों के प्रयासों की सराहना की।
गौ सेवा और सामाजिक एकजुटता का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में गौ सेवक बस्तर की ओर से सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन गौ सेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर अनिल अग्रवाल, कैलाश ठाकुर, किशोर पांडे, कमलेश विश्वकर्मा, अभिलाष यादव, नरेश कोरी, आशीष कोटक, रोहन घोष, विक्रम ठाकुर, आनंद झा, बृजेश कपूर, जशवंत जोशी, रवि नेताम, इंद्र टेमरे, रमेश नायडू, संजय मौर्य, योगेश ठाकुर, रोहन सेठिया, यश कुमार, फूलकुमार, गौरव ठाकुर, विक्रांत नाग, शुभम ठाकुर, सावन यादव, सचिन ईनानी, महेंद्र, अमित ठाकुर, बलराज यादव, नीरज पानीग्राही, गीतेश पानीग्राही, जितेंद्र जोशी, डालेस्वर कश्यप एवं प्रियांशु ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।






