ऐतिहासिक मुरिया दरबार में होंगी शामिल, लालबाग मैदान में आमसभा को करेंगी संबोधित
जगदलपुर। बस्तर के ऐतिहासिक और विश्वप्रसिद्ध दशहरा पर्व के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। सांसद महेश कश्यप के आमंत्रण को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी और जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा ने कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लालबाग मैदान में तैयारियों का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने लालबाग मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी एवं आम नागरिकों के प्रवेश और निकास द्वार, पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं तथा पार्किंग व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर आम नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया, वहीं पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रपति के प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री सी.पी. बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन राठौर, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को बस्तर के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। ऐतिहासिक मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की सहभागिता और लालबाग मैदान में आमसभा को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं।
आशीष श्रीवास्तव
Founder & Editor-in-Chief
BMN – BASTAR MATI न्यूज़
सबको सबकी ख़बर, गलतफ़हमी की कोई जगह नहीं।






