बस्तर में जिला स्तरीय सुपर गर्ल्स प्रतियोगिता संपन्न, ‘बोलेगा बचपन’ के उत्कृष्ट शिक्षकों को भी मिला सम्मान
जगदलपुर, 12 अक्टूबर 2026। समग्र शिक्षा एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय सुपर गर्ल्स प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र परिसर के सभागार में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।

आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नायक ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा की महत्वाकांक्षी पहल ‘बोलेगा बचपन’ कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समर्पित शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गायन से लेकर वाद-विवाद तक छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता के दौरान गायन, चित्रकला, भाषण, कविता पाठ, वाद-विवाद एवं वाद्य यंत्र वादन जैसी विभिन्न विधाओं में प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी स्तर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने अपनी कला, अभिव्यक्ति और कौशल से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा।
शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नीति आयोग से सुश्री तानिया अधोब, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.आर. बघेल, जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक पाण्डे सहित सभी सहायक परियोजना समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला, वहीं उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचारपूर्ण शिक्षण प्रयासों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।






