रियासत कालीन भैरव मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया वार्षिक जात्रा उत्सव

महापौर संजय पांडे, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन एवं सुकमा जमींदार परिवार के कुमार जयदेव हुए शामिल

जगदलपुर। पंचपथ ब्राह्मणपारा स्थित रियासत कालीन भैरव मंदिर में सावन माह के पावन अवसर पर उत्कल समाज बस्तर संभाग द्वारा वार्षिक जात्रा उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। धार्मिक आयोजन में उत्कल समाज के बड़ी संख्या में लोगों के साथ विभिन्न समाजों के नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई।

समाज के अध्यक्ष राजेश दास ने बताया कि प्रातःकाल से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए। पंडित रमेश नंद आचार्य, रोहित राज त्रिपाठी एवं वीरेंद्र महापात्र द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन में जगदलपुर महापौर संजय पांडे, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन एवं सुकमा जमींदार परिवार के सदस्य कुमार जयदेव सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, पुरुष एवं नागरिक शामिल हुए। कुमार जयदेव ने धार्मिक अनुष्ठान में आमंत्रित किए जाने पर उत्कल समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि सावन माह के पावन अवसर पर उत्कल समाज द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पूजा-अर्चना के साथ हवन में भी सहभागिता निभाई और समाज के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

उत्कल समाज के वरिष्ठ सदस्य श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि यह मंदिर रियासत कालीन और अत्यंत प्राचीन है। वर्ष 1936 में महाराज दलपत देव द्वारा मंदिर का निर्माण कराया गया था। तब से उत्कल समाज द्वारा मंदिर की देखरेख की जाती रही है। मंदिर में प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी समाज के लोगों द्वारा की जाती है।

इसे भी पढ़िए -   सर्पदंश एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता करें सुनिश्चित- कलेक्टर श्री आकाश छिकारा

दशकों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत प्रत्येक वर्ष सावन माह में जात्रा उत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। विभिन्न समाजों की सहभागिता इस आयोजन को धार्मिक सौहार्द, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक बनाती है।

इस अवसर पर उत्कल समाज के अध्यक्ष राजेश दास, उपाध्यक्ष मथुरा तिवारी, उपाध्यक्ष मनोज जोशी, सचिव सुमित महापात्र, कोषाध्यक्ष मनोज महापात्र, सांस्कृतिक सचिव मनीष श्रीवास्तव, कार्यालयीन सचिव अच्युत सामंत सहित उत्कल समाज के अन्य वरिष्ठजन, महिलाएं, बच्चे एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *