31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, BLO घर-घर पहुंचकर करेंगे सत्यापन; ऑनलाइन भी कर सकेंगे Form-6 से आवेदन
जगदलपुर, 04 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बस्तर जिले में मतदाता सूची के सतत अद्यतनीकरण के तहत छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आकाश छिकारा ने बताया कि यह अभियान 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक पूरे जिले में संचालित होगा।

अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदाता बनने योग्य नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना है, जो किसी कारणवश अब तक अपना नाम दर्ज नहीं करा सके हैं।
इस विशेष अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेंगे।
घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन
भारत निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल माध्यम से भी घर बैठे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए ECINet मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर Form-6 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने बस्तर जिले के सभी पात्र नागरिकों एवं युवाओं से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर अपने मताधिकार को सुरक्षित एवं मजबूत बनाएं।






