गुरु गोविंद सिंह वार्ड में आंगनबाड़ी सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम संपन्न

तीन वार्डों ने संयुक्त रूप से मनाया कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं बच्चों का हुआ सम्मान

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 36 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र डांडाबाड़ी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम गुरु गोविंद सिंह वार्ड, लोकमान्य तिलक वार्ड एवं अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा तथा अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड की पार्षद बसंती समरथ उपस्थित रहीं। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘मातृ संवाद, न्योता भोज एवं मेरी पोषण थाली’ रही। इसके माध्यम से माताओं के साथ संवाद, बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आयु के अनुरूप देखभाल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण एवं खेलकूद जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में हितग्राही माताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, बच्चों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण : संग्राम सिंह राणा

इस अवसर पर पार्षद संग्राम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य माताओं से संवाद स्थापित करना, बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज की सहभागिता को मजबूत करना है।

इसे भी पढ़िए -   उपचार के बीच दिल्ली से मोबाइल के जरिए कार्यकर्ताओं से जुड़े किरण देव, बोले—सेवा और समर्पण से मजबूत होता है संगठन

उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। समाज और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से इन केंद्रों को और बेहतर बनाया जा सकता है।

उत्कृष्ट बच्चों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम में स्वस्थ बालक एवं बालिका के रूप में प्रतीक चौधरी, नेहा पाढ़ी एवं सुजीत पटेल को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।वहीं सेवा संकल्प अभियान में योगदान के लिए महांगी बघेल, चंपा नाग, विजय लक्ष्मी पटेल, पुष्प लता ठाकुर, फूलमनी बघेल, हेमलता निषाद एवं मितानिन कल्पना ठाकुर को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कुपोषण की दर कम करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य के लिए हीरा पटेल तथा ईसीसीई कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान के लिए कांता नायक को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

आंगनबाड़ी केंद्र के लिए सुविधाओं की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान पार्षद संग्राम सिंह राणा ने आंगनबाड़ी केंद्र के लिए पंखे, बर्तन एवं कुर्सियां उपलब्ध कराने की घोषणा की। वहीं उमा गुप्ता ने भी एक पंखा उपलब्ध कराने की घोषणा की।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन हीरा पटेल ने किया।इस अवसर पर योगेश्वर मेश्राम, गोपाल पटेल, चंद्रकला मौर्य, इंदिरा सिंह कुशवाहा, मोनिका श्रीवास्तव, तरुन्नुम जहां, नीलम साकेत, मिथला देवांगन, मंजूलता समरथ, पुष्पा टंडन, उमा गुप्ता, गायत्री कश्यप, चमेली सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बच्चे एवं पालकगण उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *