जगदलपुर। बस्तर में आई बाढ़ से शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे कठिन समय में जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए सामाजिक संगठन लगातार आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में कायस्थ समाज जगदलपुर ने भाटागुड़ा (तुरेनार) ग्राम पहुंचकर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया।

कायस्थ समाज की ओर से ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्री, साबुन, टूथपेस्ट, ब्रश, चायपत्ती सहित आवश्यक दवाइयां और ORS उपलब्ध कराया गया। राहत सामग्री पाकर ग्रामीणों ने समाज के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी कई जरूरी चीजों की जरूरत
कायस्थ समाज ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ के बाद स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। कई परिवारों को दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुओं के साथ-साथ मच्छरदानी, चादर, कपड़े और अन्य उपयोगी सामग्री की आवश्यकता है।

समाज ने आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि यदि संभव हो तो शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भी अपनी सहायता पहुंचाएं। इस आपदा की घड़ी में छोटी-सी मदद भी किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकती है।

जरूरतमंदों तक पहुंचे मदद—यही सेवा का उद्देश्य
कायस्थ समाज जगदलपुर ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यथासंभव सहयोग जारी रखा जाएगा। समाज ने लोगों से अपील की कि राहत सामग्री जरूरतमंद ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में आवश्यक सहायता मिल सके।
कायस्थ समाज जगदलपुर की यह पहल बताती है कि आपदा के समय सेवा और सहयोग ही सबसे बड़ी मानवता है।






