बस्तर, 26 सितंबर 2026। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से बस्तर ब्लॉक के भैंसगांव में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बुधवार से लगातार हो रही बारिश के कारण मारकंडी और इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे भैंसगांव में करीब 300 परिवार बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। पूरा गांव जलमग्न होने से ग्रामीणों के सामने मुश्किलें बढ़ गई हैं।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राशन सामग्री भिजवाई गई। शनिवार को बारिश थमने के बाद एसडीएम, तहसीलदार और सरपंच की मौजूदगी में गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान सरपंच मदन बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
वीडियो कॉल पर सरपंच से ली गांव की जानकारी
बाढ़ प्रभावित भैंसगांव की स्थिति पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने वीडियो कॉल के माध्यम से सरपंच मदन बघेल से सीधे चर्चा की। उन्होंने गांव में वर्तमान जलस्तर, बाढ़ से प्रभावित परिवारों और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
किरण देव ने प्रशासन से समन्वय कर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों तक हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया।
150 लोगों का रेस्क्यू, राहत शिविर में व्यवस्था
प्रशासन द्वारा अब तक करीब 150 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित राहत शिविर में पहुंचाया गया है। राहत शिविर में प्रभावित लोगों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, डेढ़ सौ से अधिक ग्रामीण अभी भी अपने घरों में मौजूद हैं।बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण घर छोड़कर राहत शिविर में जाने के लिए तैयार नहीं हैं। प्रशासन की टीमें लगातार गांव में रेस्क्यू और राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा जलस्तर और ग्रामीणों की सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा रही है।






