बस्तर जिले में भी लगातार बारिश, छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट; कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।

बस्तर जिले में भी देर रात से लगातार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है, वहीं कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। नदी-नाले उफान पर हैं, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से जलप्रपातों, नदी-नालों और पर्यटन स्थलों की ओर नहीं जाने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर और सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई।

प्रतापपुर में सर्वाधिक 110 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।हालांकि, मानसून सक्रिय होने के बावजूद पूरे सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में होने वाली वर्षा से इस कमी में कुछ हद तक सुधार हो सकता है।तापमान की बात करें तो प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

इसे भी पढ़िए -   चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

कोरिया, जशपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा।येलो अलर्ट वाले जिलेपेंड्रा, बिलासपुर, बलरामपुर, कोरबा, मुंगेली, कबीरधाम, सरगुजा, बेमेतरा, बलौदा बाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और गरियाबंद।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

BMN | Bastar Mati Newsतेज़ • सटीक • विश्वसनीय

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *