जगदलपुर। बस्तर में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। हालात को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने रायपुर से फोन के माध्यम से महापौर संजय पांडे, बस्तर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार सहित जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा कर मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।

किरण देव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, शहर के जलभराव वाले इलाकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते नदी-नालों और तालाबों के जलस्तर को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट रखने तथा प्रभावित लोगों को आवश्यकता अनुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
लगातार बारिश के कारण बस्तर के कई ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कुछ स्थानों पर गांवों का शहर से संपर्क प्रभावित होने की स्थिति बनी है। वहीं, शहर के निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति सामने आई है और कुछ स्थानों पर घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आपात स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा के दौरान कहा कि जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। आपदा प्रबंधन की टीम को तैयार रखने के साथ ही प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण बस्तर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार लोगों को आसपास के सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं।






