छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दिवाली का तोहफा आज, 67.40 लाख खातों में आएंगे महतारी वंदन योजना के 632 करोड़ रुपये

राज्योत्सव के समापन समारोह में अमित शाह जारी करेंगे योजना की 33वीं किस्त, डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में पहुंचेगी राशि

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए आज 3 नवंबर का दिन खास होने जा रहा है। राज्योत्सव के समापन समारोह के अवसर पर प्रदेश सरकार योजना की 33वीं किस्त जारी करेगी। इस बार प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए जाएंगे। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

राज्योत्सव के मंच से जारी होगी 33वीं किस्त

राजधानी रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसी समारोह के मंच से अमित शाह महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी करेंगे।

67 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ

सरकारी जानकारी के अनुसार, इस बार नियमित प्रक्रिया के तहत ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं के खातों में राशि भेजी जाएगी। इसके अलावा नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की 6,908 महिला हितग्राहियों को 13वीं किस्त का भुगतान किया जाएगा। इस तरह कुल 67,40,410 महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।

अब तक 20 हजार करोड़ से अधिक का भुगतान

महतारी वंदन योजना की शुरुआत छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को जारी की गई थी। इसके बाद से पात्र महिलाओं को लगातार आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

इसे भी पढ़िए -   BREAKING: लालबाग मैदान में देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, जिंदा कारतूस भी बरामद

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक योजना की 32 किस्तों के माध्यम से 20,717.87 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। 33वीं किस्त जारी होने के बाद कुल वितरित राशि बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी।

मोबाइल ऐप और वेबसाइट से चेक कर सकेंगी भुगतान की स्थिति

हितग्राही महिलाएं अपने खाते में राशि जमा होने की जानकारी महतारी वंदन योजना की आधिकारिक वेबसाइट mahtarivandan.cgstate.gov.in पर जाकर प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा प्ले स्टोर पर उपलब्ध महतारी वंदन मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भुगतान की स्थिति देखी जा सकती है।

योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से प्रदेश की लाखों महिलाओं को घरेलू खर्च और परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

आशीष श्रीवास्तव Founder & Editor-in-Chief BMN – BASTAR MATI NEWS

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *