ओडिशा से यूपी जा रहा था 2.38 करोड़ का गांजा, बस्तर पुलिस ने 3 नाबालिगों समेत 7 को पकड़ा

पिकअप में 15 बोरियों में छिपाकर रखा था 476.500 किलो गांजा, पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल से कर रहे थे पायलेटिंग; अड़ावाल रेलवे फाटक के पास पकड़ा गया तस्करी का काफिला।

जगदलपुर। बस्तर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की नशे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 476.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की तैयारी में थे।

पुलिस को चकमा देने बनाई थी पायलेटिंग की योजना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप क्रमांक CG 17 KL 0411 में ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए पिकअप के आगे मोटरसाइकिल से पायलेटिंग करने की योजना बनाई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन एवं उप पुलिस अधीक्षक चंद्रहास सिन्हा के पर्यवेक्षण में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पिकअप की पायलेटिंग करते हुए पहुंचे। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप वाहन भी आ गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते सभी पकड़ लिए गए।

इसे भी पढ़िए -   बस्तर संभाग में द्वितीय वर्ष डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन, जगदलपुर से प्राचीन रामपाल शिव मंदिर तक शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

15 बोरियों में छिपाकर रखा था 476.500 किलो गांजा

पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें रखी सफेद रंग की 15 बोरियों से कुल 476.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी गांजे के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, पायलेटिंग में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, छह टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

ओडिशा के मलकानगिरी के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22) और रोहणी गल्लोरी (27) के रूप में हुई है। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।

सभी आरोपी ग्राम कोंटामाड़ी, थाना कोरकोंडा, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। चारों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया है, जबकि बालकों के संबंध में किशोर न्याय की निर्धारित प्रक्रिया अपनाई गई है।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में बोधघाट थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी सहित प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, पवन श्रीवास्तव, सुनील मनहर, प्रकाश मनहर, मयाराम कश्यप एवं आरक्षक विजय तिर्की, दीपक मिंज, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर, कामदेव दर्रो, राम ठाकुर और थानेन्द्र सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *