भारी बारिश से भेजापदर गांव बना टापू, रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे सांसद महेश कश्यप

जगदलपुर। बस्तर जिले के नगरनार क्षेत्र में इंद्रावती नदी के किनारे बसे भेजापदर गांव में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। चारों ओर पानी भर जाने से पूरा गांव टापू में तब्दील हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और रेस्क्यू टीम अलर्ट मोड पर है।

गांव में जलभराव और ग्रामीणों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने तत्काल संज्ञान लिया। सांसद ने रेस्क्यू टीम से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली और स्वयं रेस्क्यू टीम तथा नाव के साथ भेजापदर गांव पहुंचकर मौके का जायजा लिया।

गांव पहुंचने के बाद सांसद महेश कश्यप ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा, राहत एवं आवश्यक सहायता को लेकर मौके पर मौजूद जिला कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा से भी चर्चा की।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि भारी बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू और राहत कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रशासन एवं रेस्क्यू टीम द्वारा भेजापदर गांव में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर और मौसम की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

आशीष श्रीवास्तव — Founder & Editor-in-Chief, BMN – BASTAR MATI NEWS

इसे भी पढ़िए -   🇮🇳 अविनाश वूड्स सोसाइटी में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस का उत्सव

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *